चंबा। ग्राम पंचायत नड्डल स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला की छत तेज तूफान से उड़ गई। स्कूल के तीन कमरे क्षतिग्रस्त हुए हैं जबकि कमरों केे भीतर बिजली की वायरिंग उखड़ गई है। लॉकडाउन की वजह से स्कूल बंद था और इसे क्वारंटीन सेंटर बनाया गया था। हालांकि, सरकार के निर्देश पर एक माह पूर्व इसे खाली कर दिया गया था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
एसएमसी प्रधान तिलक राज ने बताया कि शुक्रवार शाम पांच बजे अचानक तेज तूफान से छत देखते ही देखते उड़ गई। उन्होंने कहा कि स्वयं मौके पर उन्होंने जायजा लिया। इसके अलावा केंद्रीय मुख्य शिक्षक को भी इसकी सूचना दी। जिसके बाद शनिवार को केंद्रीय मुख्य शिक्षक और जेबीटी अध्यापक ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। साथ ही उड़ी छत की चद्दरों और लकड़ी को ढुलवाया। उन्होंने कहा कि नुकसान के बारे में शिक्षा विभाग को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है।
नड्डल स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में गांव नड्डल, सेरी, करमौर, रेंडोह, हटवाली, कुटलु, गाडनू, कलौता, द्रौड, भियोड़ से 85 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते हैं। कोविड-19 के चलते यह विद्यालय बंद है। ग्रामीण प्रवीण कुमार, महिंद्र सिंह, हेमराज, ऋषि कुमार, हरीश आदि ने शिक्षा विभाग से प्राथमिकता के आधार पर क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत कराने की मांग की है।