उद्घाटन पट्टीका से गायब भाजपा विधायक का नाम।संवाद
बोले- केंद्र प्रायोजित पेयजल योजना की उद्घाटन पट्टिका में भाजपा विधायक का नाम गायब
बोले- विधानसभा सत्र में भी उठाएंगे मामला, क्षेत्र के विधायक होने के नाते आए थे कार्यक्रम में
विधानसभा अध्यक्ष ने दिए थे संबंधित क्षेत्र के विधायक का नाम भी अंकित करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। उद्घाटन पट्टिका से विधायक का नाम गायब करने वाले अधिकारियों की शिकायत विधानसभा में की जाएगी। यह बात डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर ने बनीखेत में प्रेस वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि डलहौजी में रविवार को केंद्र सरकार की प्रायोजित परियोजना उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र का विधायक होने के नाते वह भी शामिल हुए। उद्घाटन से पहले शुरू हुई पूजा में वह उपमुख्यमंत्री के साथ विराजमान रहे लेकिन जैसे ही पट्टिका से पर्दा हटाया गया तो उसमें सिर्फ उपमुख्यमंत्री का नाम अंकित था। विधानसभा अध्यक्ष ने विधानसभा में साफ निर्देश दिए हैं कि जिस क्षेत्र में जो भी शिलान्यास या उद्घाटन होगा, उसमें संबंधित क्षेत्र के विधायक का नाम भी अंकित करना होगा। चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से संबंधित क्यों न हो। पट्टिका देखकर वह काफी हैरान हुए। कार्यक्रम को बीच में छोड़कर वह बनीखेत पहुंच गए। पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अधिकारियों ने किसके कहने पर यह षड्यंत्र रचा है, उसकी पूरी तहकीकात करवाई जाएगी। इस मामले में आगामी विधानसभा सत्र में भी उठाया जाएगा। जिस परियोजना पर केंद्र की भाजपा सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, उसकी पट्टिका से भाजपा विधायक का ही नाम गायब कर दिया जाता है।
इंडोर स्टेडियम की शिलान्यास पट्टिका से भी गायब था नाम
बीते माह चुराह में भी इंडोर स्टेडियम के शिलान्यास के दौरान पट्टिका से भाजपा विधायक का नाम गायब किया गया था। यह मामला भी काफी चर्चा में रहा था। इसके बाद अब डलहौजी में भाजपा विधायक का नाम पट्टिका में शामिल नहीं किया गया।