ग्राम पंचायत कीड़ी के थल्ली गांव में आईपीएच विभाग गंदा पानी सप्लाई कर रहा है। पानी में कीड़े तक आ रहे हैं।
लोग पानी का इस्तेमाल करने से भी डर रहे हैं। बुधवार को ग्रामीणों ने उपायुक्त सुदेश मोख्टा को समस्या बताई। कहा कि गांव में कीडे़ वाला पानी आ रहा है। इससे गंभीर बीमारी फैलने का अंदेशा है।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को गंदा पानी भी दिखाया। मनोज कुमार, टेको, काकू, दिनेश, नीजू, ज्ञानू, प्रेम लाल, हेम राज, मनु, अमरो, अच्छरो, जर्म सिंह, कर्मो, नरेश, आत्मा राम और सत्या ने बताया कि गांव के लिए नाले से सप्लाई दी गई है।
कहा कि विभाग ने फिल्टर टैंक तो बनाया है लेकिन उसका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। नाले से पानी उठाकर सीधा सप्लाई किया जा रहा है। बरसात में भी गंदा पानी सप्लाई होता है। पेयजल पाइपें भी काफी पुरानी हो चुकी हैं। पाइपों भी गल सड़ चुकी हैं।
ग्रामीणों ने उपायुक्त सुदेश मोख्टा से अपील की कि गांव के लिए स्वच्छ पेयजल मुहैया करवाया जाए। उपायुक्त सुदेश मोख्टा ने कहा कि विभाग को उचित दिशा निर्देश दिए जाएंगे।
...........
जल्द मिलेगी समस्या से निजात : विभाग
कनिष्ठ अभियंता महिंद्र शर्मा ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला नहीं है। जल्द ही गांव के पानी सोर्स का निरीक्षण करके समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को जल्द ही समस्या से निजात मिल जाएगी।
000