चंबा। पर्यटन नगरी डलहौजी के लोगों को अब आने वाले दिनों में पेयजल की कमी नहीं सताएगी। प्रदेश सरकार ने डलहौजी के लिए 65 करोड़ 11 लाख की नई पेयजल योजना को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस नई पेयजल योजना से भारतीय सेना और डलहौजी कैंट, डलहौजी नगर और एयरफोर्स स्टेशन डैनकुंड तक के निवासियों सहित डिफेंस से जुड़े जवान और अधिकारी लाभान्वित होंगे। इस योजना के अंतर्गत चोहड़ा डैम से पानी लिफ्ट किया जाएगा। इसके अलावा डलहौजी उपमंडल की ग्राम पंचायत शेरपुर, टप्पर, बाथरी, मनोला, चूहन, बनीखेत, पुखरी, जियुंता सहित बैली की विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के नवीनीकरण के लिए 29 करोड़ की राशि भी मंजूर की गई है।
गौरतलब है कि करीब दस साल पहले डलहौजी कैंट में भारतीय सेना, मोतीटिब्बा और डैनकुंड में एयरफोर्स के जवानों को पेयजल आपूर्ति के लिए एक योजना बनाई गई। लेकिन, यह कुछ तकनीकी खामियों के चलते सिरे नहीं चढ़ पाई। बाद में इस योजना में डलहौजी का सिविल क्षेत्र भी जोड़ा गया।
योजना के तहत 17 करोड़ 50 लाख, जबकि भारतीय सेना और 10 करोड़ 50 लाख रुपये भारतीय वायु सेना जमा करवाएगी। चोहड़ा डैम से पानी उठाया जाएगा और डैनकुंड से लेकर डलहौजी कैंट तक इस योजना से लोग लाभान्वित होंगे।
योजना की मंजूरी मिलने पर भाजपा नेता डीएस ठाकुर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का आभार व्यक्त किया है।
जलशक्ति विभाग डलहौजी के अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर ने इस योजना को मंजूरी मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस योजना के शुरू होने से लोगों को 24 घंटे पेयजल मिलने की उम्मीद है।