सलूूणी(चंबा)। विधानसभा क्षेत्र डलहौजी की 20 पंचायतों के लोगों की प्यास अब संघणी नाले का पानी बुझाएगा। जलशक्ति विभाग मंडल सलूणी की ओर से नाबार्ड और जलजीवन मिशन के तहत 57 करोड़ से निर्मित होने वाली सलूूणी-मंजीर-सुंडला-डियूर बहाव पेयजल योजना को धरातल पर उतारने का कार्य युद्ध स्तर पर छेड़ा गया है। पेयजल योजना के बनने से क्षेत्र की 40 हजार की आबादी को पेयजल के लिए यहां वहां भटकने से छुटकारा मिल जाएगा।
गर्मियों के दिनों में सलूणी, मंजीर, सलूणी, डियूर, पिछला डियूर सहित आस पास की दर्जनों पंचायतों में लोगों को पेयजल किल्लत से अक्सर जूझना पड़ता है। ग्रामीणों की ओर से पेयजल की समस्या को लेकर कई बार शासन-प्रशासन और विभाग के समक्ष भी आवाज उठाई गई थी। इसके बाद ग्रामीणों की ज्वलंत समस्या को देखते हुए जलशक्ति विभाग ने नाबार्ड और जेजेएम योजना के तहत बहाव पेयजल योजना का प्रस्ताव बना कर विभागीय अधिकारियों के पास स्वीकृति के लिए भेजा। जिसे स्वीकृति मिल गई। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने और योजना के लिए बजट स्वीकृत होने पर इसके ऑनलाइन टेंडरिंग करवाकर कार्य संबंधी टेंडर ठेकेदार को सौंपा गया है। अब परियोजना का कार्य युद्ध स्तर पर चला हुआ है। विभागीय सूत्रों की मानें तो पेयजल स्रोत से 23 किलोमीटर दूरी तक पाइपों के जरिये पानी को भंडारण टैंकों तक पहुंचेगा। जहां से आगे 225 किलोमीटर के दायरे में पाइपों के जरिये लोगों के घरों में पेयजल पहुंचाया जाएगा।
इन पंचायतों को मिलेगी सुविधा
इस पेयजल योजना का ग्राम पंचायत सलूणी, दिघाई, मंजीर, सिंग्गाधार, ब्याणा, खरल, खरोटी, पुखरी, डियूर, पिछला डियूर,दरेकड़ी, सुंड़ला, मंजीर इत्यादि के गांव कुंतेड़ी, सुताह, भंडार, देवगां, कोटा,शैली, गलिया, नगलोड़ी, कैला, कुंदी, टिकरू,खरोटी, धनाबल, ऐरवा, डणून, भेडोग, जैंश्री,साहला, छुलेरा, बुंदोखी, भंडार, दरेकड़ी, सुंड़ला के लोगों को लाभ मिलेगा।
76 हजार लीटर क्षमता के भंडारण टैंक, फिल्टर बैड बनेंगे
सलूूणी-मंजीर-सुंडला-डियूर बहाव पेयजल योजना के तहत 2 लाख 87 हजार 400 लीटर क्षमता का प्री-सेडीमटेंशन टैंक, 30 हजार लीटर क्षमता का पेयजल भंडारण टैंक, 2 लाख 57 हजार लीटर क्षमता का भंडारण टैंक, 7 हजार लीटर क्षमता और 76 हजार लीटर क्षमता के भंडारण टैंक सहित फील्टर बैडों का निर्माण होगा। जिससे लोगों को स्वच्छ जल मुहैया करवाया जाएगा।
प्राकृतिक जल स्रोत से नहीं ढोना पड़ेगा पानी
ग्रामीणों में महिंद्र सिंह, राज कुमार, प्रताप चंद, रमेश कुमार, खेमराज, चतरो राम, विपिन कुमार, नरेश कुमार, राजेश कुमार, राज कुमार, योगराज ने बताया कि पेयजल स्कीम का कार्य पूर्ण हो जाने से लोगों को इसका भरपूर लाभ मिलेगा। इससे पूर्व कई बार पानी की आपूर्ति बंद हो जाने से लोगों को मीलों दूरस्थ स्थित प्राकृतिक जल स्रोत से पानी भर भर कर लाना पड़ता रहा है।
एक समान विकास करवा रही सरकार : ठाकुर
जिला मार्केट कमेटी अध्यक्ष डीएस ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में पानी की समस्या से लोगों को जल्द छुटकारा मिलेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोगों की समस्या का समाधान करवाते हुए योजना को स्वीकृति प्रदान की। इसका कार्य जोर शोर से चल रहा है। कहा कि भाजपा सरकार एक समान विकास करवाने में विश्वास रखती है।
20 पंचायतों को होगी पानी की सप्लाई
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता देशराज भाटिया ने बताया कि जलजीवन मिशन और नाबार्ड के तहत संघणी नाला से पानी को सलूूणी-मंजीर-सुंडला-डियूर बहाव पेयजल योजना के तहत आगे 20 पंचायतों के ग्रामीणों को पीने के लिए मुहैया करवाया जाएगा। योजना के तहत कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। इस पेयजल योजना से क्षेत्र की 40 हजार के करीब आबादी को लाभ मिलेगा।