चंबा मेडिकल कॉलेज के ओपीडी ब्लॉक की छत से टपकता पानी और नीचे रखी बाल्टी। संवाद
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के ओपीडी ब्लॉक में टपकती छत मरीजों और स्टाफ के लिए परेशानी बनी हुई है। टैंक से पानी गिरकर से पिछले कई दिन से लीकेज छत से टपककर सीधा फर्श पर गिर रहा है। लेकिन, इस लीकेज को ठीक करने के लिए प्रबंधन की तरफ से कोई भी उचित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इसकी वजह से छत से पानी का टपकना निरंतर जारी है। प्रबंधन की तरफ से टपकते पानी के बीच फर्श पर एक खाली बाल्टी को रख दिया गया है। हालांकि पानी की लीकेज के कारण छत पर लगी सीलिंग खराब हो रही है। दीवारों पर सीलन बढ़ गई है और रंग रोगन भी उखड़ रहा है। समय रहते इस लीकेज को ठीक नहीं किया गया तो आने वाले समय में भवन को ज्यादा नुकसान भी पहुंच सकता है।
ओपीडी ब्लॉक में रोजाना सैकड़ों मरीज इलाज करवाने के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा इस ब्लॉक में डॉक्टर और कर्मचारी सुबह से लेकर शाम तक ड्यूटी देते हैं। ऐसे में छत से पानी टपकने से इन सभी लोगों को परेशानी हो रही है। सर्दी के मौसम में छत और दीवार में पानी की सीलन होने से कई प्रकार की बीमारी हो सकती है। उधर, मेडिकल कॉलेज के प्रवक्ता डॉक्टर मानिक सहगल ने बताया कि पानी की लीकेज को शीघ्र ठीक करवा दिया जाएगा।