चंबा के भरमौर चौक के पास लगा हैंडपंप। संवाद
- फोटो : Chamba
चंबा। जिला मुख्यालय में जल शक्ति विभाग लोगों की सेहत को लेकर ज्यादा गंभीर नहीं दिख रहा है। भरमौर चौक के पास हैंडपंप के पानी का सैंपल फेल पाया गया है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जल शक्ति विभाग को यहां चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा है। इसके बावजूद अभी तक इस दिशा में कदम नहीं उठाए हैं। इसके चलते हैंडपंप के पानी का इस्तेमाल करने वाले लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। हालांकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अपने स्तर पर टैक्सी स्टैंड के चालकों को इस हैंडपंप के पानी को पीने से मना किया है। भरमौर चौक से रोजाना सैकड़ों लोग पैदल आवाजाही करते हैं। वे प्यास लगने पर हैंडपंप का पानी पीते हैं। इस पानी को इंसानों के पीने लायक नहीं बताया गया है। हैरानी इस बात की है कि लोगों की सेहत को लेकर जल शक्ति विभाग जरा भी गंभीर नहीं है।
कुछ माह पहले प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भरमौर चौक के पास लगे हैंडपंप के पानी का सैंपल लेकर जांच के लिए धर्मशाला स्थित प्रयोगशाला में भेजा। यहां पर पानी का सैंपल फेल पाया गया। इस पानी को घरेलू कार्य में इस्तेमाल में किया जा सकता है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जल शक्ति विभाग को हैंडपंप के पास चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा। इसके बावजूद इस दिशा में अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि हैंडपंप के पास चेतावनी बोर्ड लगाने के लिए सैंपल की रिपोर्ट आने के तुरंत बाद कहा गया था। अगर बोर्ड नहीं लगाया है तो इसको लेकर विभाग को दोबारा निर्देश दिए जाएंगे।