हरदासपुरा में निर्माणाधीन मकान की दिवार गिरने से क्षतिग्रस्त रसोई की छत।
- फोटो : Chamba
चंबा। नगर परिषद चंबा के तहत हरदासपुरा मोहल्ले में तूफान से एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई। इससे निर्माणाधीन मकान के साथ लगते रसोईघर को भी भारी नुकसान पहुंचा है। यह घटना सोमवार देर रात की है। गनीमत रही कि यह हादसा देर रात को हुआ अन्यथा इससे परिवार के सदस्यों को भी नुकसान पहुंच सकता था। घटना की सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मंगलवार को मौके पर जाकर निरीक्षण किया और नुकसान रिपोर्ट तैयार की। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक करीब पचास हजार का नुकसान आंका गया है।
जानकारी के मुताबिक यह रसोईघर नेक राम निवासी हरदासपुरा का है। सोमवार रात को खाने के बाद परिवार अपने कमरे में चला गया। इसी दौरान रात करीब दो बजे जोर की आवाज सुनाई दी। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर निकल आए। उन्होंने रात को देखा कि निर्माणाधीन मकान की दीवार उनके रसोईघर पर गिर गई थी, जिससे रसोईघर में रखे फ्रीजर, गैस चूल्हा सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना राजस्व विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण के बाद रिपोर्ट तैयार की। गौरतलब है कि सोमवार को दोपहर बाद तेज तूफान चल रहा था। पटवारी दीपक कुमार ने बताया कि इसके बारे में सूचना मिली थी। कहा कि निरीक्षण कर नुकसान रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। कहा कि नुकसान के आधार पर उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा।