चंबा। जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण में भी दर्जनों लोगों को बिना वोट डाले मतदान केंद्रों से मायूस होकर लौटना पड़ा। वहीं, कई के नाम दूसरे मतदान केंद्रों में निकले। ऐसे में कई मतदाता निराश होकर घरों को मतदान किए बिना ही लौट गए। गौरतलब है कि पंचायतीराज चुनाव के तहत जिले में वीरवार को दूसरे चरण के तहत 116 पंचायतों में मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। इसमें जिला परिषद, पंचायत समिति, पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के लिए हुई मतदान प्रक्रिया में सैकड़ों प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने के लिए वोटर घरों से तो निकले लेकिन कई जगह वोटर लिस्टों से मतदाताओं के नाम ही गायब रहने से वे मतदान करने से वंचित रह गए। वहीं दूसरी ओर कई लोगों के दूसरे पोलिंग स्टेशनों में नाम होने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। जटकरी निवासी सुनील कुमार, अमित कुमार, सुरेंद्र सिंह, अशोक कुमार का कहना है कि वोटर लिस्टों से उनके नाम गायब पाए गए। इससे वे मतदान नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए वे खासे उत्साहित थे लेकिन इस बार उन्हें मौका नहीं मिल पाया। गौरतलब है कि पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण में भी यही समस्या पेश आई थी। मतदाताओं के नाम वोटर सूची से गायब रहे। इससे कई मतदाता मतदान करने से वंचित रह गए।