सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी और खरल पंचायतों के 12 गांवों में पिछले पांच दिन से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। बर्फबारी के कारण मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल संकट का असर सिर्फ घरों तक ही सीमित नहीं है बल्कि मवेशियों के लिए भी पानी जुटाना मुश्किल हो गया है। मजबूरी में ग्रामीण बारिश के पानी का उपयोग कर रहे हैं। कई जगहों पर पनिहारों से पानी लाना भी बड़ी चुनौती बन गया है।
ग्रामीण परस राम, भाग सिंह, प्रेम सिंह, कुलदीप, हेम राज, सुभाष कुमार और कर्म चंद ने बताया कि मंदराला से आने वाली गुमरा-गुठाण पेयजल योजना की पाइपलाइन बर्फबारी के कारण दब गई है, जिस वजह से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई है। सलूणी और खरल पंचायतों के गांवों में नलों से एक बूंद पानी नहीं आ रहा है, जिससे लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
उधर, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता सौरभ ठाकुर ने बताया कि बर्फबारी के कारण कई स्थानों पर पाइपलाइन टूट गई है। पाइपलाइन को दुरुस्त करने के लिए विभाग की टीमें मौके पर भेज दी गई हैं और जल्द ही पेयजल आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।