चंबा के किहार थाना में बैठक के दौरान मौजूद विधायक डीएस ठाकुर, एसपी अभिषेक यादव व ग्रामीण। -संव
सलूणी (चंबा)। सलूणी उपमंडल की भांदल पंचायत में युवक का क्षत-विक्षत शव बोरे में मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीन लोग पूछताछ के लिए बुलाए हैं। नूरपुर से शुक्रवार देर शाम पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम करवाया।
वहीं, शनिवार सुबह दोनों समुदाय (हिंदू-मुस्लिम समुदाय) के लोगों ने किहार थाने में पहुंच कर इस घटना में संलिप्त लोगों की धरपकड़ कर सख्त सजा देने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर और पुलिस अधीक्षक चंबा ने मौके पर पहुंच कर दोनों समुदाय के लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक ने लोगों को आश्वस्त किया कि घटना को अंजाम देने वालों को पुलिस कदापि नहीं बख्शेगी।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत भांदल का थरोली निवासी मनोहर लाल पुत्र रामू अधवार (पहाड़ पर बनाए मकान) से मंगलवार को अपने दूसरे घर के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान बीच रास्ते से मनोहर लाल रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। मनोहर के परिजनों ने अपने स्तर पर युवक को हर जगह तलाशने का हरसंभव प्रयास किया लेकिन कहीं पर भी उसका कोई पता नहीं चला। आखिरकार परिजनों ने युवक के लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई। ऐसे में शुक्रवार को बोरी में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची जहां पर शव को बोरी में डाल कर पत्थरों से ढका गया था। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों की मांग पर नूरपुर से फोरेंसिक टीम को बुलाया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित करने के बाद शव पुलिस को सौंपा। पुलिस देखरेख में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि बोरे में मिले युवक के शव के मामले में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही तीन लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। बताया कि पुलिस पोस्टमार्टम और फोरेसिंक टीम की रिपोर्ट और जांच के आधार पर जल्द मामले की गुत्थी सुलझा लेगी।