पिछड़ा अनुदान योजना के तहत 62 लाख से होगा सड़क का निर्माण
क्षेत्र की हजारों की आबादी को मिलेगा सड़क का लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चंबा विधानसभा क्षेत्र के दायरे में आतीं कैला और कुठेड़ पंचायतों के ग्रामीणों को अब पैदल आवाजाही से निजात मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग की ओर से पिछड़ा अनुदान योजना के तहत 62 लाख की राशि खर्च कर ढाई किलोमीटर सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए बाकायदा विभाग ने अपने स्तर पर समस्त औपचारिकताएं पूर्ण करवाकर टेंडर आमंत्रित करवा दिए हैं। टेंडर आवंटित होने पर सड़क का कार्य आरंभ करवा दिया जाएगा। सड़क निर्मित होने से हजारों ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी ग्राम पंचायतों कैला और कुठेड़ के तहत आते दर्जनभर गांव सड़क सुविधा से महरूम हैं। सड़क के अभाव में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को रोजाना मीलों सफर तय कर अपने गंतव्यों तक पहुंचना पड़ता है। ग्रामीण कई बार सड़क सुविधा से जुड़ने की मांग उठाते आ रहे हैं। ग्रामीणों की ज्वलंत मांग को देखते हुए विभाग की ओर से सड़क निर्माण संबंधी सर्वे करवाकर समस्त औपचारिकताएं पूरी करवाई गईं। इसके तहत अब कैला से कुठेड़ के लिए ढाई किलोमीटर सड़क निर्माण करवाने का रास्ता साफ हो गया है। सड़क बनने से क्षेत्र की 5,300 की आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा। सूत्रों के मुताबिक विभाग की योजना क्षेत्र के अंतिम गांव तक सड़क पहुंचाने की है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कैला-कुठेड़ सड़क निर्माण कार्य जल्द आरंभ करवाया जाएगा।