चंबा के पांगी में बर्फबारी के बीच बिजली की तारों पर टिकी बर्फ को डंडे के सहारे झाड़ते कर्मचारी।स
बर्फबारी और बारिश ने बढ़ाईं दुश्वारियां, चुराह के बौंदेड़ी में गिरे ओले
चंबा। जिले में बर्फबारी के कारण लोगों की दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। जिले में बर्फबारी और बारिश के कारण 166 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। इससे सैकड़ों गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी और बारिश से जिले की 22 सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी हुई है। वहीं जनजातीय क्षेत्र पांगी में 24 घंटों से रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। घाटी में 45.72 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई है जिससे पांगी के सभी संपर्क मार्गों पर रफ्तार थमने से लोगों को पैदल ही अपने गंतव्यों का रुख करना पड़ा। कई अधिकांश ग्रामीण अपने घरों में ही दुबकने को मजबूर हो गए हैं। भरमौर उपमंडल में 2.54 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है जबकि ऊपरी चोटियां एक बार फिर बर्फ से लकदक हो गई हैं। वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश का दौरा जारी है। पांगी घाटी में बर्फबारी के कारण बार-बार संपर्क सड़कों पर यातायात व्यवस्था ठप पड़ रही है जिसका सीधा असर ग्रामीणों पर पड़ रहा है। शनिवार को पांगी के 18 और भरमौर के 4 मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थम गई।
चुराह विधानसभा क्षेत्र के दायरे में आने वाले 97 और पांगी में 69 ट्रांसफार्मर बंद हो गए। बिजली के अभाव में ग्रामीणों के बिजली उपकरण महज शोपीस बने हुए हैं। इसके चलते पांगीवासी ठंड में ठिठुरने के लिए मजबूर हैं। वहीं चंबा में एक और भरमौर में तीन पेयजल योजनाएं बंद होने से लोग प्राकृतिक जलस्रोतों से पानी ढोकर लाने को विवश हैं। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को बहाल करने की मांग की है। चुराह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बौंदेड़ी में शनिवार सुबह ओलावृष्टि हुई। इससे खेतों में उगी गेंहू की फसल को भी कुछ हद तक नुकसान पहुंचा है।
उपायुक्त चंबा डीसी राणा ने बताया कि जिले में बर्फबारी और बारिश के बाद व्यवस्थाओं को सुचारु करने के लिए विभागीय टीमें तैनात हैं। कहा कि जल्द व्यवस्थाओं को पटरी पर ला दिया जाएगा।