भडेला पंचायत के आधा दर्जन गांवों में दिक्कत
मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए चलना पड़ता है आठ किमी पैदल
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत भडेला के आधा दर्जन गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। सोमवार को पंचायत के उपप्रधान तेज राम की अध्यक्षता में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल सड़क की मांग को लेकर लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता से मिला। ग्रामीणों ने उन्हें अवगत करवाया कि सड़क सुविधा का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को पांच से आठ किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है, तब जाकर उन्हें सड़क और वाहन की सुविधा मिल पाती है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क की मांग कर रहे हैं लेकिन उनकी मांग अभी तक न तो सरकार ने पूरी की है और न ही प्रशासन इस पर कोई पहल कर पाया है। इसको लेकर ग्रामीणों में रोष है।
ग्रामीणों श्याम लाल, पवन कुमार, व्यास देव, खेम राज, सुभाष कुमार, मान सिंह और राकेश कुमार ने बताया कि पंचायत के जनण, जलोट, बुजू, भिहोट, बतोटी सहित अन्य गांवों में रहने वाली 1000 आबादी सड़क बनाने की मांग कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के दौरान इन गांवों को सड़क से जोड़ने के वायदे किए जाते हैं लेकिन चुनाव के बाद कोई भी नेता उनकी सुध नहीं लेता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि गांव के लिए प्राथमिकता के आधार पर सड़क बनाई जाए। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हिमांशु वर्मा ने बताया कि जल्द सड़क बनाने के लिए सर्वे करवाया जाएगा।