खज्जियार (चंबा)। विकास खंड चंबा की रठियार पंचायत के आधा दर्जन गांवों में पानी के लिए हाहाकार मचा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक माह से नियमित पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है।
ऐसे में ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस समस्या के बारे में वे कई बार जल शक्ति विभाग को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
रठियार पंचायत के गांव मियाड़ीगला, दरोल, जियूणा, अप्पर मियाड़ी समेत अन्य गांवों में पानी की किल्लत है। रमेश कुमार, बिट्टू, सुमित कुमार, दलीप कुमार, कुलदीप कुमार और मदन लाल ने कहा कि इन गांवों के लिए पेयजल आपूर्ति गांव मियाड़ीगला स्थित जल स्रोत से की जाती है, मगर वर्तमान में पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। वर्तमान में ग्रामीण दो किलोमीटर दूर गंजेडी नाला से पानी ढो रहे हैं। ऐसे में उनका काफी समय बर्बाद हो रहा है। पशुओं के लिए भी पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग से मांग की है कि जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए। जल्द आपूर्ति बहाल न करने पर उन्होंने धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
उधर, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र शर्मा ने कहा कि यह मामला ध्यान में है। जल्द फील्ड अधिकारियों को दिशा-निर्देश देकर पेयजल आपूर्ति बहाल करवाई जाएगी।