तेलका (चंबा)। तेलका क्षेत्र के तहत आने वाले गांव खिल, काशनी और बंजेडु के ग्रामीण कम वोल्टेज की समस्या से परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शाम के समय बिजली इतनी कम हो जाती है कि न तो बल्ब ठीक से जलते हैं और न ही अन्य विद्युत उपकरण चल पाते हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीण राजेंद्र शर्मा, राजकुमार, मुल्क राज, निधि राम, मनोज शर्मा, अनूप शर्मा, गणेश, राजेंद्र कुमार और मुकेश कुमार ने बताया कि कई बार विद्युत बोर्ड प्रबंधन को अवगत करवाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विद्युत बोर्ड ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाए या लाइन की जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करे।
विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता राकेश शर्मा ने बताया कि विभाग को ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त हुई है। संबंधित क्षेत्र में बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर की तकनीकी जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। यदि ट्रांसफार्मर की क्षमता कम पाई जाती है तो उसे अपग्रेड करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।