साहो (चंबा)। सराहन पंचायत के डेरा, हयला और पंडा गांवों के बाशिंदे बिजली की लो वोल्टेज और खंभों की कमी से परेशान हैं। गांववासी सौरभ ठाकुर, विजय कुमार, दलीप कुमार, नरेश कुमार, योगराज आदि ने बताया कि डेरा गांव के कुछ हिस्से में अभी तक बिजली की सुचारु व्यवस्था नहीं हो पाई है। यहां पर स्पैन की दूरी भी काफी ज्यादा है लेकिन अभी तक वहां पर नए खंभे भी नहीं लगाए जा सके हैं। वहीं, हयला क्षेत्र में बार-बार बिजली कट लगने और लो वोल्टेज के कारण लोगों को अंधेरे में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पंडा क्षेत्र में काफी समय से लो वोल्टेज की समस्या बरकरार है। इससे बच्चों को पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने बिजली बोर्ड प्रबंधन से मांग की है कि इन गांवों में निरीक्षण करके नए खंभे स्थापित करने के अलावा क्षेत्र में नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए।