चंबा नगर परिषद कार्यालय से बाहर आती विजिलेंस की टीम।संवाद
चंबा। नगर परिषद चंबा के कार्यालय में विजिलेंस ने दूसरी बार रेड डाली। टीम ने चार घंटे तक डेरा जमाए रखा। इस दौरान नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी से विजिलेंस टीम ने पूछताछ की।
उनके कार्यालय में चार घंटे तक टीम डटी रही। मिंजर मेले में साफ-सफाई की टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी करने के नगर परिषद पर आरोप लगे हैं। इसको लेकर आरटीआई कार्यकर्ता ने विजिलेंस में शिकायत की थी। सात दिन पहले विजिलेंस ने नगर परिषद के कार्यालय में रेड कर सात घंटे तक टेंडर प्रक्रिया से जुड़ा रिकॉर्ड खंगाला था। इसके बाद रिकॉर्ड को अपने कब्जे में लिया था। इतना ही नहीं, विजिलेंस टीम ने उस दौरान अन्य पहलुओं पर भी बारीकी से जांच की। इसी मामले में शुक्रवार को दोबारा विजिलेंस की टीम ने नगर परिषद के कार्यालय में दबिश दी। बंद कमरे में विजिलेंस के एएसपी ने नप के कार्यकारी अधिकारी और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की। इस दौरान जरूरी रिकॉर्ड भी जांचा गया। फिलहाल, विजिलेंस की तरफ से इस मामले में अभी तक कोई खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन यह जांच मिंजर मेले में साफ सफाई के टेंडर में की गई गड़बड़ी को लेकर चल रही है। इसको लेकर विजिलेंस ने जरूर उजागर कर दिया है। हकीकत में इन टेंडरों में गड़बड़ी की गई है या नहीं, इसको लेकर विजिलेंस पूरी गहनता के साथ जांच कर रही है। इसके चलते ही विजिलेंस ने दूसरी बार नप कार्यालय में दबिश दी है। अब देखना होगा कि विजिलेंस अपनी जांच कब तक पूरी करती है। और इस जांच में क्या निकल कर सामने आता है। पिछली रेड में विजिलेंस ने नप कार्यालय से मिंजर मेले के दौरान साफ-सफाई को लेकर टेंडर प्रक्रिया संबंधी रिकॉर्ड, शहर के लिए बेंच खरीद और बिजली के खंभों का रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिया था। उधर, विजिलेंस एएसपी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि साफ सफाई के टेंडर में गड़बड़ी को लेकर उनके पास जो शिकायत पहुंची है। उसकी जांच के लिए नप कार्यालय में दोबारा दबिश दी गई थी।