डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी और खज्जियार में दिवाली पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ सकती है। पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारी तैयारियों में जुट गए हैं। होटलों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जा रहा है।
अन्य दुकानों में भी उपहार रखे जा रहे हैं। दिवाली पर आने वाले कपल सहित अन्य पर्यटकों को कई प्रकार की छूट और पैकेज दिए जा रहे हैं। बरसात के दो महीनों में पर्यटन नगरी डलहौजी पूरी तरह से पर्यटकों से वीरान रही है। पिछले साल बरसात में पहाड़ों में नजर आई तबाही को देखने के बाद इस बार मैदानी इलाकों से पर्यटक पहाड़ों में घूमने नहीं पहुंचे। यही कारण रहा है कि बरसात के मौसम में डलहौजी और खज्जियार पर्यटकों से गुलजार नहीं हो पाए। ऐसे में त्योहारी सीजन शुरू होते ही पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों ने सैलानियों को रिझाने के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मैदानी इलाकों के सैलानी अकसर दिवाली मनाने के लिए परिवार के साथ डलहौजी पहुंचते हैं। ऐसे में दीपावली के दौरान डलहौजी पर्यटकों से गुलजार हो सकती है। इसी आस को लेकर पर्यटन कारोबारी तैयारियां कर रहे हैं। डलहौजी होटल एसोसिएशन के महासचिव हरप्रीत मोनू ने बताया कि दीपावली को लेकर सभी होटल तैयारियां कर रहे हैं। दिवाली की रात पर्यटन नगरी डलहौजी दुल्हन की तरह रंग-बिरंगी लाइटों से सजी नजर आएगी। इसे नजारे को देखने के लिए काफी संख्या में सैलानी परिवार के साथ डलहौजी पहुंचते हैं। इसके बाद क्रिसमस और नए साल के जश्न की तैयारियां शुरू होंगी।