संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में पशुपालकों को राहत देने के लिए शुक्रवार से 224 पशु डिस्पेंसरियों में सेवाएं शुरू हो जाएंगी। पशुपालन विभाग चंबा की ओर से इस संदर्भ में आदेश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही कर्मियों को सामान्य ड्यूटी देने के लिए कहा गया है।
प्रदेश सरकार ने पशु डिस्पेंसरियों को खोलने के निर्देश जारी किए हैं। इसके बाद से विभाग ने पशु डिस्पेंसरियों को खोलने बारे के आदेश जारी किए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पशु डिस्पेंसरी में तैनात स्टाफ ईमानदारी से सेवाओं का निर्वहन करें। पशुपालकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
अगर ऐसा कोई मामला पेश आता है, तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिले में 133 पशु डिस्पेंसरियां विभाग की है। जबकि 91 पशु औषधालय मुख्यमंत्री आरोग्य पशुधन योजना के तहत खुले गए हैं। इसके अलावा जिले के हर क्षेत्र में पशु अस्पताल भी है। जो पहले से खुले हैं। अब पशु डिस्पेंसरियों के शुरू होने से पशुपालकों को काफी राहत मिलेगी।
पशुपालन विभाग चंबा के उपनिदेशक डॉ. रवि प्रकाश ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस बारे में सरकार के आदेश मिल चुके हैं। जिले की 224 पशु डिस्पेंसरियां शुक्रवार से खुल जाएंगी। स्टाफ को औषद्यालयों में ड्यूटी देने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।