खैरी-भुनाड़ सड़क पर दो दिन नहीं दौड़ेंगे वाहन
9.53 करोड़ रुपये से होगा सड़क का विस्तारीकरण
तेलका (चंबा)। खैरी-भुनाड़ सड़क पर वीरवार और शुक्रवार को वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। सड़क कटिंग के कारण अप्रिय घटना को रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग ने यह निर्णय लिया है। इसके लिए बाकायदा प्रशासन से भी अनुमति ले ली है। अब 29 और 30 मई को खैरी-भुनाड़ सड़क से होकर गुजरने वाले लोगों को दो दिन तक अपनी यात्रा को स्थगित करना पड़ेगा।
भुनाड़, बाली, सलेरा और भनेड़ के ग्रामीणों को दो दिन के लिए दिक्कत हो सकती है। 9.53 करोड़ रुपये के बजट से नौ किलोमीटर खैरी-भुनाड़ सड़क का विस्तारीकरण किया जाएगा। पहाड़ की कटिंग के चलते दो दिनों तक सुबह से लेकर शाम तक सड़क पर आपातकालीन वाहनों को छोड़कर शेष अन्य वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। यह जानकारी लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुनील धवन ने दी है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।