कार्यवाहक आरसी पांगी की अगुवाई में टीम पहुंची, लिया जायजा
घिसल और हिलौर क्षेत्र में बादल फटने से हुआ है काफी नुकसान
राजस्व विभाग कर रही नुकसान का आकलन, प्रभावितों को मिलेगी सहायता
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी(चंबा)। पांगी घाटी के साच-टवान मार्ग करीब 13 घंटे बाद यातायात के लिए बहाल हो गया है।
बुधवार सुबह करीब 7 बजे अधवारी क्षेत्र में बादल फटने के बाद भारी तबाही मची थी। इससे मार्ग कई जगह अवरुद्ध हो गया। समूची सैचू घाटी का मुख्यालय किलाड़ से संपर्क कट गया था। कुमार परमार क्षेत्र के घिसल, कुठल और हिलौर में भारी बारिश के बाद बादल फटने की घटना ने लोगों की मुसीबतें बढ़ाने का काम किया। तेज जलप्रवाह और मलबा आने से हिलौर और घिसल क्षेत्र में दो पुलियों को नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का कार्य शुरू किया। लगातार 13 घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को बहाल कर दिया गया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। वीरवार को कार्यवाहक आरसी पांगी विभागीय टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। निचली घिसल पहुंच उन्होंने ग्रामीणों से मिल कर उन्हें हुए नुकसान का आंकलन तैयार कर उचित सहायता राशि देने की बात कही। उधर, आरसी पांगी अमनदीप सिंह ने बताया कि अधवारी क्षेत्र में बादल फटने के बाद जलप्रवाह बढ़ने और मलबे के बहाव में आने से दो पुलियां बह गई हैं। क्षेत्र में जानोंमाल का नुकसान नहीं हुआ है।