तेलका (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तेलका के खेल मैदान में अब वाहन पार्क नहीं होंगे। दैनिक समाचार पत्र में खबर प्रकाशित होने और अभिभावकों की मांग के बाद स्कूल प्रबंधन ने हरकत में आकर खेल मैदान से वाहनों को हटवाकर नया गेट लगा दिया है। अब बच्चों को खेल गतिविधियों में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बता दें कि खेल मैदान का गेट शरारती तत्वों द्वारा तोड़ दिया गया था। इससे लोग बेधड़क होकर स्कूल के मैदान में गाड़ियां पार्क कर रहे थे। इस कारण खेल मैदान पार्किंग स्टैंड में तब्दील हो गया था। वाहन पार्क करने वालों की बढ़ती गतिविधियों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए थे।
इसके बाद अभिभावकों ने बच्चों के हित में जोर-शोर से मांग उठाई। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने शनिवार को मैदान से गाड़ियों को हटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही नया गेट लगाकर खेल मैदान को अन्य गतिविधियों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया। अभिभावकों में संजीव कुमार, पवन कुमार, सुरेश कुमार, संजय कुमार, मान सिंह, बचन सिंह, दलीप कुमार और प्रवीण कुमार शामिल ने इस फैसले का स्वागत करते हुए स्कूल प्रधानाचार्य संजय शर्मा का आभार व्यक्त किया है
उधर, प्रधानाचार्य संजय शर्मा ने बताया कि स्कूल के खेल मैदान से गाड़ियों को बाहर कर दिया गया है। साथ ही शनिवार को नया गेट लगा कर स्कूल का खेल मैदान को अन्य गतिविधियों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है।