मूसलाधार बारिश के बाद धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हालात, 23 सड़कें अभी भी बंद
106 पेजयल परियोजनाएं हुईं प्रभावित 16 कीं दुरुस्त, चल रहा 90 की बहाली का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में लगातार दो दिन तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद जनजीवन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से युद्धस्तर पर राहत और बहाली का कार्य चलाया जा रहा है।
जिले में बंद पड़े अधिकांश सड़क मार्गों को खोल दिया गया है। इससे लोगों को राहत मिली है। प्रशासन के अनुसार अब तक 75 सड़क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई है। अभी भी 23 सड़कें बंद हैं। इन मार्गों को खोलने के लिए मशीनों और कर्मचारियों की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। बारिश से बिजली और पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। भरमौर क्षेत्र में सात विद्युत ट्रांसफार्मर अभी तक बंद पड़े हैं। इस कारण लगभग 40 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है।
अंधेरे में रह रहे ग्रामीणों को पेयजल, संचार और दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत बोर्ड की टीमें खराब ट्रांसफार्मरों और क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत में जुटी हुई हैं ताकि जल्द आपूर्ति बहाल की जा सके। भारी बारिश से जिले की 106 पेयजल परियोजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। जल शक्ति विभाग ने इनमें से 16 योजनाओं को दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी है जबकि शेष 90 परियोजनाओं को चालू करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य जारी है। दो दिन की बारिश के बाद शुक्रवार को मौसम मौसम अनुकूल रहा। इससे राहत कार्य में जुटी टीमों को कार्य करने में आसानी हुई। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और बंद मार्गों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि व्यवस्था बहाली का कार्य जारी है। कहा कि धीरे धीरे जन जीवन सामान्य हो रहा है।