बार-बार भूस्खलन होने की वजह से प्रभावित हो रहा था यातायात
जेसीबी की मदद से हटाया मलबा, लोग बोले- स्थाायी समाधान करें
संवाद न्यूज एजेंसी
पुखरी (चंबा)। चकलू-राजनगर सड़क पर पिछले कई दिनों से भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। सड़क पर बार-बार गिर रहे मलबे की वजह से वाहन चालकों को लंबा रास्ता तय करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था।
इससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही थी। बुधवार को लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी की मदद से सड़क पर जमा मलबे को हटाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को साफ कर यातायात के लिए बहाल किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर हर दिन भूस्खलन की समस्या बनी रहती है। इससे सफर जोखिम भरा हो जाता है। मलबा हटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। साथ ही स्थायी समाधान की मांग भी उठाई है। लोगों ने कहा कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में फिर से यही समस्या खड़ी हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की सुरक्षा के लिए ठोस उपाय किए जाएं ताकि बार-बार होने वाली इस परेशानी से निजात मिल सके।