स्थानीय लोगों ने निगरानी बढ़ाने और कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर के ऐतिहासिक चौगान में वाहनों के प्रवेश और प्रतिबंध के बावजूद एक गाड़ी खड़ी कर दी गई। प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन खड़ा किए जाने से प्रशासन और नगर परिषद की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
चौगान शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक घूमने के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित होती रहती हैं। ऐसे में प्रतिबंध के बावजूद चौगान में वाहन खड़ा किया जाना लोगों के लिए हैरानी का विषय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों चतर सिंह, देव राज, हेम सिंह, अभिलाश सहित अन्य का कहना है कि चौगान में वाहनों की रोक होने के बावजूद वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर पार्क कर दिया। इससे चौगान की व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही यहां आने वाले लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद से चौगान में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि नियम सभी के लिए समान होने चाहिए। यदि चौगान में वाहन पार्किंग प्रतिबंधित है तो इसका सख्ती से पालन करवाया जाना चाहिए। उधर, एसडीएम चंबा चिराग शर्मा ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है, नियम तोड़ने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।