चंबा। कोविड केयर सेंटर में तैनात स्टाफ को इलेक्ट्रॉनिक वैन की सुविधा मिल गई है। स्टाफ को कोविड केयर केंद्र में लाने और वापस हॉस्टल छोड़ने के लिए वैन को चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने स्टाफ की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इसके बारे में बाकायदा एचआरटीसी डिपो को पत्र लिख कर वाहन उपलब्ध करवाने की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक जनजातीय भवन बालू में स्वास्थ्य विभाग के फ्रंटलाइन वर्करों को ठहराने की व्यवस्था की गई है। ये फ्रंटलाइन वर्कर संक्रमित मरीजों की देखभाल सहित अन्य कार्यों को अंजाम दे रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इन फ्रंटलाइन वर्करों को बालू से कोविड केयर सेंटर आने और छुट्टी के बाद देरशाम हॉस्टल तक पहुंचने में हो रही समस्या का समाधान करने का निर्णय लिया है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग ने एचआरटीसी प्रबंधन को पत्र लिख कर इलेक्ट्रॉनिक वैन को कोविड केयर सेंटर से बालू और बालू से कोविड केयर सेंटर तक फ्रंटलाइन वर्करों को लाने-ले जाने का जिक्र किया। शनिवार से इलेक्ट्रॉनिक वैन को चला दिया गया। इससे फ्रंटलाइन वर्करों को हॉस्टल से कोविड केयर सेंटर लाया और वैन से ही वापस हॉस्टल छोड़ा गया।
कोविड नियमों का रखा जा रहा ध्यान
वैन चालक कोरोना नियमों का पालन करते हुए स्टाफ को पिछली सीट पर बैठाने के अलावा मास्क लगाकर ही वाहन चलाता है। साथ ही स्टाफ को सेंटर में छोड़ने और वापस हॉस्टल छोड़ने पर वाहन को सैनिटाइज करवाया जा रहा है। कोरोना नियमों का पालन कर चालक अपना और अन्य का भी पूरा ध्यान रख रहा है।
आरएम चंबा राजन जम्वाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से बालू से कोविड केयर सेंटर तक और सेंटर से बालू तक फ्रंटलाइन वर्करों को लाने-ले जाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक वैन चलाने की मांग की गई थी। इसके तहत शनिवार से इलेक्ट्रॉनिक वैन चलाई गई है। कहा कि वैन चालक कोरोना नियमों का पालन कर ही अपना कार्य कर रहा है।