शहर के मुगला बाजार में में कुत्तों के वैक्सीनेशन के लिए पहुंची टीम।
चंबा। शहर में दूसरे दिन 275 लावारिस कुत्तों को एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए। पशुपालन और नगर परिषद की ओर से चलाए गए टीकाकरण अभियान का समापन हो गया है।
दो दिन तक चले टीकाकरण अभियान में लगभग 450 लावारिस कुत्तों का टीकाकरण किया गया। अब शहर में लोगों को कुत्तों के काटने का भय नहीं सताएगा। रविवार को धर्मशाला से बुलाई गई डॉग कैचर की टीम चंबा से वापस लौटेगी।
गौरतलब है कि शहर में लावारिस कुत्तों के आतंक इतना बढ़ गया था कि लोग घर से निकलने से भी डर रहे थे। हाथ में डंडा लेकर निकल रहे थे। लावारिस कुत्तों का आतंक खत्म करने के लिए नगर परिषद ने डॉग कैचर को बुलाकर पशुपालन विभाग के साथ मिलकर टीकाकरण अभियान शुरू किया। शुक्रवार को सुबह डॉग कैचर की टीम ने वार्डों में लावारिस कुत्तों को पकड़ना शुरू किया। टीम के साथ पशुपालन विभाग के 15 कर्मचारी और नप की टीम शामिल रही। टीकाकरण के बाद लावारिस कुत्तों को छोड़ा गया। शहर के सुराड़ा, सुपड़ी, हरदासपुरा, चौंतड़ा, सुल्तानपुर, जनसाली, कसाकड़ा, धड़ोग, हटनाला, जुलाहकड़ी, चौगान वार्डों की गलियों और कोने-कोने में जाकर लावारिस कुत्तों को पकड़ कर उनका टीकाकरण किया गया। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. मुंशी कपूर ने कहा कि शनिवार को 275 लावारिस कुत्तों का टीकाकरण किया गया। लगभग साढ़े चार सौ लावारिस कुत्तों का टीकाकरण किया गया है। उधर, नप अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने कहा कि लावारिस कुत्तों का टीकाकरण अभियान खत्म हो गया है।