चंबा। प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में कार्यरत स्कूल प्रबंधन समितियों की ओर से नियुक्त अध्यापकों को अविलंब नियमित करने की मांग हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ ने सरकार से उठाई है। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ के वरिष्ठ राज्य उपाध्यक्ष राजेश शर्मा, जिला प्रधान दीप सिंह खन्ना, जिला महासचिव राजेश ठाकुर, जिला संचालन समिति के अध्यक्ष शौकत अली, राज्य संचालन समिति के सदस्य राजदीन, सूरज बाली, राजीव ठाकुर, मुख्य प्रेस सचिव जगजीत जरयाल, वित्त सचिव संजीव ठाकुर, मुख्य संगठन सचिव उधम सिंह जम्बाल, वरिष्ठ जिला उपप्रधान राजेश बसंत, पंकज कुमार ने कहा कि प्रधानाचार्य पदोन्नति कोटे में प्रवक्ता वर्ग के कोटे की संख्या बढ़ाई जाए।
प्रवक्ता वर्क की संख्या 18,000 और मुख्याध्यापक 850 हैं। इसलिए कोटा 95:05 के अनुपात में बढ़ाया जाए। कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने 23 नवंबर 2018 को पालमपुर के अधिवेशन में प्रवक्ताओं को प्रधानाचार्य का कोटा बढ़ाने की घोषणा की थी लेकिन उसे लागू न करके प्रवक्ता वर्ग के साथ सरासर धोखा किया। वर्तमान सरकार से इस मांग को पूरा करने की प्रवक्ताओं को आस है। कहा कि प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में रिक्त पड़े अध्यापकों के विभिन्न पदों को प्राथमिकता के आधार पर तुंरत भरा जाए। अध्यापकों की कमी से पठनपाठन का कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रवक्ता वर्ग सरकार से सभी रिक्त पदों को भरने की मांग उठा रहा है। बताया कि प्रदेश में बनाए गए उत्कृष्ट विद्यालयों में महत्वपूर्ण विषयों के पद खाली चल रहे हैं जिससे पठनपाठन प्रक्रिया बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। प्रदेश के कई विद्यालय ऐसे है जहां कोई भी प्रवक्ता कार्यरत नहीं हैं और बहुत सारे विद्यालय एक अध्यापक के सहारे ही चल रहे हैं। ऐसे में पदों के भरे जाने से विद्यालयों में पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।