चंबा के एक पोलिंग स्टेशन में सोशल डिस्टैसिंग के लिए सर्कल लगाती पोलिंग पार्टी।
- फोटो : Chamba
चंबा। नगर निकाय चुुनावों में रविवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होगा। इस दौरान 20 हजार से अधिक मतदाता 94 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला करेंगे। इसके बाद शाम तक किसके सिर पर पार्षद का ताज होगा, यह भी तय हो जाएगा। नगर परिषद चंबा, डलहौजी और नगर पंचायत चुवाड़ी के करीब 20,112 मतदाता हैं। प्रशासन की ओर से पोलिंग बूथ पहले ही स्थापित कर दिए गए हैं। इसके साथ ही चुुनावी प्रक्रिया से संबंधित सभी पूर्वाभ्यास भी सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है।
इसके अलावा शनिवार को पोलिंग पार्टियां भी अपनी बूथों की ओर रवाना होगी। बचत भवन चंबा से ईवीएम के साथ इन कर्मचारियों को पोलिंग स्टेशनों को भेजा गया। वहीं, दूसरी तरफ शुक्रवार को शाम चार बजे प्रचार अभियान पर रोक लग गई। इसके बाद प्रत्याशी मोबाइल के जरिये मतदाताओं से वोट की अपील करते रहे। चुनाव निष्पक्षता से करवाने के लिए तमाम व्यवस्थाएं बना दी गई है। बता दें कि नगर परिषद चंबा के तहत 11, नगर परिषद डलहौजी में नौ और नगर पंचायत चुवाड़ी में सात वार्ड शामिल हैं, जहां क्रमश: 14082, 3314 और 2716 मतदाता है।
कोरोना महामारी के बीच इस बार चुनाव होने जा रहे हैं। इसको लेकर प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों में हैंड सैनिटाइजर की व्यवस्था भी की गई है। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया के दौरान दो गज की दूरी नियम की पालना सुनिश्चित बनाने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही कोरोना पॉजिटिव मरीजों के लिए भी मतदान के अंतिम समय में वोटिंग की व्यवस्था की गई है। जिससे सभी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
मतदान के लिए 16 पोलिंग स्टेशन
शहर में मतदान के लिए 16 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। ज्यादा मतदाताओं की संख्या वाले वार्डों में दो-पोलिंग स्टेशन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एक ईवीएम के साथ एक रिजर्व ईवीएम, फेस शील्ड और सैनीटाइजर टीमों को वितरित किए गए।
उपायुक्त चंबा डीसी राणा ने बताया कि शहरी निकाय चुनावों को लेकर तमाम व्यवस्थाएं बना दी गई हैं। इसको लेकर उचित निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया है।