चंबा। नगर परिषद क्षेत्र चंबा में सफाई व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है। हर रविवार को सफाई कर्मचारी अनोखा स्वच्छता मिशन चलाते हैं। घरों से कचरा उठाते हैं, पोल के पीछे छिपाते हैं और दिनभर भूल जाते हैं। यह कचरा दूसरे दिन यहां से उठाया जाता है। रविवार को भी सफाई कर्मचारियों ने घरों से कचरा उठाने के बाद उसे कूड़ा संयंत्र तक पहुंचाने के बजाय पोल के पीछे छिपा दिया।
इसके अलावा सफाई कर्मी फुटपाथ पर ही कूड़ा छांटते रहे, जिससे राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हुई। गंदगी और बदबू फैलने के कारण लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। रविवार दोपहर धड़ोग के पास सफाई कर्मचारियों ने सड़क किनारे कचरा फैलाया और फुटपाथ पर बैठकर कूड़ा छांटते रहे। इससे न केवल राहगीरों की आवाजाही प्रभावित हुई, बल्कि रास्ते पर बदबू भी फैल गई। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि कूड़ा उठाने के बाद उसे कूड़ा संयंत्र तक नहीं भेजा गया, बल्कि पोल के पीछे छिपाकर छोड़ दिया गया।
शहर के नागरिक गोपाल महाजन, धीरज कुमार, देवेंद्र कुमार, मनीष कुमार, रवि, संगम और राहुल ठाकुर ने कहा कि नगर परिषद की लचर कार्यप्रणाली के कारण सफाई व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित है। हर रविवार को वार्डों में कचरे के ढेर लगे रहते हैं, जिन्हें सही तरीके से निपटाने के बजाय छिपा दिया जाता है। इससे गंदगी फैलती है और आवारा कुत्ते कचरे को इधर-उधर फैला देते हैं।
शहरवासियों का कहना है कि यह समस्या हर रविवार को देखने को मिलती है। नगर परिषद सफाई कर्मचारियों के लिए कूड़ा छांटने की उचित जगह उपलब्ध नहीं करा रही है, जिससे वे मजबूरन रास्तों पर ही कचरे को छांटते और वहीं छोड़ देते हैं।
उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि सफाई कर्मचारियों द्वारा कचरे को सड़क किनारे छोड़ने की शिकायत मिली है। सफाई कर्मचारियों से जवाब मांगा जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
चंबा में धड़ोग के पास बने पैदल मार्ग पर पोल के पीछे बोरे में भरकर रखा गया कूड़ा।संवाद