चंबा। आकांक्षी जिला चंबा के नागरिक अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड की सेवाएं जल्द बहाल हो सकती हैं। इसके लिए विभाग ने चंबा से तीन डॉक्टरों को अल्ट्रासाउंड करने का प्रशिक्षण लेने के लिए शिमला भेजा है। ये तीनों छह माह का प्रशिक्षण प्राप्त करके चंबा के नागरिक अस्पतालों में मरीजों के अल्ट्रासाउंड करेंगे।
नागरिक अस्पताल तीसा, भरमौर और चुवाड़ी में लाखों रुपये की अल्ट्रासाउंड मशीनें तो लगी हैं। लेकिन, इन मशीनों को चलाने के लिए वहां कोई रेडियोलॉजिस्ट नहीं है। ऐसे में सरकार और विभाग ने इस कमी को दूर करने का तरीका ढूंढ लिया है। चंबा से तीन चिकित्सक इस प्रशिक्षण को पाने के लिए जा चुके हैं। एक महीने का उनका प्रशिक्षण पूरा भी हो चुका है। प्रशिक्षण लेने के बाद वे चंबा के मरीजों के अल्ट्रासाउंड करने के लिए लौट आएंगे। इसके बाद दूरदराज के मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए 60 से 80 किलोमीटर की दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। साथ ही मरीजों को निजी क्लीनिकों में भी जाकर भी पैसे देकर अल्ट्रासाउंड नहीं करवाने पड़ेंगे।
जिला चंबा की पौने छह लाख आबादी को बेहतर स्वास्थ्य देने के लिए सरकार ने आठ नागरिक अस्पताल खोल रखे हैं। लेकिन, इन अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड नहीं किए जा रहे हैं। क्योंकि विभाग के पास रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं है। मरीज बार-बार स्वास्थ्य विभाग से यही शिकायतें लेकर आते हैं कि उनके नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे हैं। इसी समस्या का निदान करने के लिए विभाग ने चंबा से तीन डॉक्टरों को प्रशिक्षण के लिए शिमला भेजा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपन ठाकुर ने बताया कि चंबा से तीन डॉक्टरों को अल्ट्रासाउंड करने का प्रशिक्षण लेने के लिए भेजा गया है। उनके लौटने पर नागरिक अस्पतालों में मरीजों के अल्ट्रासाउंड शुरू कर दिए जाएंगे।
THAR SUV बनी आग का गोला
THAR SUV बनी आग का गोला
THAR SUV बनी आग का गोला