डलहौजी (चंबा)। नागरिक अस्पताल डलहौजी में नई अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और अस्पताल में ही प्राथमिक स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्थानीय निवासी राजीव कुमार, सोनू, संजय कुमार, अजय, वीरेंद्र और मुकेश ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन ठाकुर ने बताया कि जल्द ही अस्पताल में सरकार से रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की मांग की जाएगी, ताकि मशीन का संचालन नियमित रूप से हो सके और मरीजों को पूरी सुविधा मिल पाए। नई मशीन के शुरू होने से स्थानीय लोगों में उत्साह है और उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में भी स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत करने के प्रयास जारी रहेंगे।