खुशनगरी पंचायत के पीड़ित परिवार को प्रशासन ने दी 10 हजार की फौरी राहत, तिरपाल और कंबल भी दिए
मौसम के बदलते मिजाज के बीच अब पड़ोसियों के घरों में शरण लेने को मजबूर हुआ प्रभावित परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। उपमंडल की खुशनगरी पंचायत के टटोग गांव में वीरवार तड़के आग लगने से दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया। हादसे में मकान के साथ अंदर रखा सामान भी नष्ट हो गया।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार परिवार को करीब सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मकान जलने से परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित परिवार को अब पड़ोसियों के घरों में शरण लेनी पड़ रही है। मौसम के बदलते मिजाज के बीच परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब तीन बजे खैर मुहम्मद पुत्र रशीद मुहम्मद के मकान में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। चादरपोश मकान की निचली मंजिल में दो कमरे और ऊपरी मंजिल में भी दो कमरे थे। आग इतनी भीषण थी कि मकान लगभग पूरी तरह जल गया और उसमें रखा घरेलू सामान भी बचाया नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि परिवार के पास रहने के लिए यही एकमात्र मकान था।
ग्राम पंचायत खुशनगरी के प्रधान ने वीरवार सुबह दूरभाष के माध्यम से प्रशासन को आगजनी की सूचना दी। इसके बाद 15 अक्तूबर को राजस्व विभाग की टीम ने क्षेत्रीय कानूनगो की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया और नुकसान का आकलन किया। प्रारंभिक आकलन में मकान और घरेलू सामान सहित करीब सात लाख रुपये की क्षति सामने आई है।
10 हजार रुपये की फौरी राहत दी
तहसीलदार चुराह आशीष ठाकुर ने बताया कि अग्निकांड से प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से फौरी राहत के तौर पर 10 हजार रुपये नकद, दो तिरपाल और दो कंबल उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवार को राहत प्रकरण की आगामी कार्रवाई के लिए आरएमएस पोर्टल पर मामला अपलोड करवाने के बारे में भी अवगत करवा दिया गया है, ताकि नियमानुसार राहत प्रदान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।