खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने की कार्रवाई, सड़े-गले और कबाड़ जैसे कंटेनरों में लाई जा रही थी मिठाइयों की खेप
सरू में 25 से 30 वाहनों की जांच के दौरान पकड़ी गईं दूषित मिठाइयां, पंजाब समेत अन्य राज्यों से हो रही थी आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। त्योहारों में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। उदयपुर के सरू में एनएच-154ए पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच के दौरान करीब दो क्विंटल खराब मिठाइयां पकड़ीं।
इनमें कीड़े लगे हुए थे और कुछ मिठाइयों में हानिकारक रंगों का इस्तेमाल किया गया था। विभाग ने पूरी खेप मौके पर ही नष्ट करवा दी।
विभागीय टीम ने मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री लेकर आ रहे 25 से 30 वाहनों की जांच की। इस दौरान पंजाब सहित अन्य राज्यों से लाई जा रही मिठाइयों को बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा पाया गया। इन्हें सड़े-गले और कबाड़ जैसे कंटेनरों में भरकर बाजार तक पहुंचाया जा रहा था। कई मिठाइयों में कीड़े मिलने के साथ हानिकारक रंगों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई। जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकने वाली करीब दो क्विंटल मिठाइयों को विभाग ने मौके पर नष्ट करवा दिया।
उधर, त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग ने इस माह विशेष अभियान के तहत विभिन्न किस्म की मिठाइयों के 24 नमूने लिए हैं। वहीं, पिछले माह नकली पनीर के संदेह में लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट में दो नमूने सबस्टैंडर्ड पाए गए हैं। संबंधित विक्रेताओं को आगामी कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।
उधर, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद ने बताया कि त्योहारी सीजन में बाजार में पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।