चंबा मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण के दौरान मरीजों के तीमांदारों के लिए बनाई गई सरांय का निरीक्षण
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं का उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने जायजा लिया।
उन्होंने इमरजेंसी वार्ड से लेकर अस्पताल के अन्य वार्डों में जाकर मरीजों से बातचीत की। जहां उन्हें किसी प्रकार की कमी नजर आई तो उसे सुधारने के लिए अस्पताल प्रबंधन को निर्देश जारी किए। आपातकालीन कक्ष में एक बिस्तर पर दो-दो मरीज उपचाराधीन थे। इसको लेकर उपायुक्त ने चिकित्सा अधीक्षक को आपातकालीन कक्ष में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने के लिए कहा। साथ ही मरीजों की आवश्यकता के अनुसार सभी प्रकार की दवाइयां भी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, जिससे इमरजेंसी के समय मरीज को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।
इमरजेंसी वार्ड का औचक निरीक्षण करने के बाद उपायुक्त अस्पताल की दूसरी मंजिल पर गए। यहां बीमार बच्चों को इलाज के लिए भर्ती किया जाता है। वहां जाकर उन्होंने सबसे पहले सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस वार्ड में खटमल और कॉकरोच से परेशानी का मामला अमर उजाला ने उठाया था। इसके बाद उपायुक्त ने तीसरी मंजिल में संचालित सारी वार्ड का निरीक्षण किया। इस वार्ड में छाती की बीमारी से ग्रस्त मरीजों को उपचार के लिए रखा जाता है। वहां किसी प्रकार का संक्रमण न फैले इसके लिए उपायुक्त ने सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की बात कही। अस्पताल का निरीक्षण करने के उपरांत उपायुक्त ने सराय का निरीक्षण किया। यहां तीमारदारों के रहने की व्यवस्था रहती है। यहां भी उन्होंने सफाई से लेकर अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस निरीक्षण में सहायक आयुक्त उपायुक्त और चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर बिपन ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।