चंबा। जिले में भारी बारिश और आपदा के बाद हुए नुकसान के बाद जनजीवन अब पटरी पर लौटना शुरू हो गया है। दो सप्ताह से बंद भटियात उपमंडल के दो संपर्क मार्गाें पर सोमवार को वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। तीसा क्षेत्र के करीब 20 गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल हुई। इसके चलते लोगों ने राहत की सांस ली। जिले में अभी भी करीब 25 ट्रांसफार्मर बंद हैं। इससे करीब 120 गांवों में अंधेरा पसरा हुआ है, जबकि 26 बंद चल रहे मार्गों को बहाल करने में मशीनरी जुटी हुई है। वहीं, दूसरी तरफ जल शक्ति विभाग की तीन पेयजल योजनाएं भी बहाल हुई हैं। इससे ग्रामीण इलाकों में पानी की आपूर्ति सुचारु हो गई है। आपदा से हुए नुकसान को लेकर प्रशासनिक अधिकारी भी फील्ड पर जुटे हुए हैं। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल का कहना है कि प्रभावित इलाकों का दौरा किया जा रहा है। विभिन्न विभागों की टीमें व्यवस्था को बहाल करने में जुटी हुई हैं।