खड़ामुख के पास एक बस हुई खराब, एक किलोमीटर आगे दूसरी ने भी छोड़ा साथ
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मणिमहेश यात्रा के बीच भरमौर मार्ग पर चंबा डिपो की दो बसें खराब होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
खड़ामुख के पास एक बस खराब होकर सड़क पर खड़ी हो गई जबकि करीब एक किलोमीटर आगे दूसरी बस ने भी जवाब दे दिया। दोनों बसों में सवार यात्रियों को कुछ समय तक सड़क पर ही दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा। बाद में दूसरी बस के पहुंचने पर यात्रियों ने आगे का सफर शुरू किया।
मणिमहेश यात्रा के चलते इन दिनों भरमौर मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही है। ऐसे में बीच रास्ते बसों के खराब होने से यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। यात्रियों ने परिवहन निगम की बसों की नियमित जांच करने की मांग की है।
यात्रियों जय राम, महिंद्र कुमार, रोहित कुमार, राज सिंह, मनोज शर्मा, कविता देवी, सरला देवी और आशा देवी ने बताया कि वे मणिमहेश यात्रा के लिए जा रहे थे, लेकिन बस बीच रास्ते में खराब हो गई। उन्हें बस से उतरकर दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम को बसों को रूट पर भेजने से पहले उनकी तकनीकी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि दोनों बसें तकनीकी खराबी के कारण खराब हुई हैं। मैकेनिक मौके पर पहुंचकर बसों को दुरुस्त करने में जुटे हैं।