चंबा। लचोड़ी-सुंड़ला मार्ग पर ट्रक और बाइक के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक में सवार युवती की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार चालक को चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लिया। इसके साथ ही घायल को उपचार के लिए सुंडला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां बाइक सवार को प्राथमिक उपचार दिया गया।
हादसे में मृतक युवती की पहचान अनिता देवी पुत्री राम सिंह निवासी करवाल डाकघर पणताह के रूप में हुई। जबकि बाइक चालक काकू राम पुत्र चमारू राम घायल है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 279, 337, 304ए के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार काकू और अनीता बाइक पर सवार होकर अपने गांव करवाल से सुंडला के लिए रवाना हुए। जैसे ही दोनों जन्ना नामक स्थान के समीप पहुंचे तो विपरीत दिशा से एक बेकाबू ट्रक आया। इससे पहले की चालक काकू बाइक पर नियंत्रण करता, ट्रक चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे युवती सड़क पर गिर गई और ट्रक उसके ऊपर से गुजर गया। जबकि बाइक चालक घायल हो गया।
हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस थाना किहार को मामले की सूचना दी। इसके बाद पुलिस चौकी सुरंगाणी से टीम पहुंची। उन्होंने शव को कब्जे में लिया और घायल को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
पुलिस युवती के शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया में जुट गई है वहीं, मौके से फरार हुए ट्रक चालक की धरपकड़ की जा रही है। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई। जबकि बाइक चालक घायल हो गया।