चंबा। चंबा में यातायात व्यवस्था पर पुलिस अब ड्रोन से नजर रखेगी। शुक्रवार को चंबा चौगान से पुलिस ने ड्रोन कैमरों का परीक्षण किया। बाजार में शारीरिक दूरी को लेकर भी ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है। चंबा चौगान से पुलिस ने ड्रोन कैमरों से बस स्टैंड, हरदासपुरा और बालू में चल रही गतिविधियों का जायजा लिया।
ड्रोन कैमरों की मदद से पुलिस ऐसे स्थानों पर भी नजर रख पाएगी, जहां पर पुलिस नहीं पहुंच सकती। इस व्यवस्था के लागू होने से यातायात व्यवस्था में भी सुधार होने की उम्मीद है। लोगों को सड़कों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी। ड्रोन के जरिये पुलिस पता लगा सकेगी कि कहां पर ट्रैफिक जाम है या हो सकता है।