सलूणी (चंबा)। टिकरू-गहल संपर्क मार्ग पर सफर खतरे से खाली नहीं है। आलम ये है कि मार्ग पर बारिश के चलते गड्डे और नालियां बन चुकी हैं। बावजूद इसके लोक निर्माण विभाग की ओर से इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नतीजन, खस्ताहाल सड़क से गुजरने में चालकों सहित राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि खस्ताहाल सड़क पर आवाजाही करते समय सबसे अधिक खामियाजा बीमार लोगों और गर्भवती महिलाओं को भुगतना पड़ता है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से मांग की है कि प्राथमिकता के आधार पर इस सड़क की सुध ली जाए। ग्रामीणों तिलक राज, धर्मेश कुमार, महेंद्र कुमार, साेभिया राम, किशोरी लाल, रमेश कुमार आदि ने बताया कि एक तरफ तो लोक निर्माण विभाग क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाने में जुटा है तो वहीं, दूसरी ओर पहले से बनी सड़कों की सुध लेना भी विभाग भूल चुका है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण टिकरू-गहल संपर्क मार्ग है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से इस सड़क की दशा को जल्द सुधारने की गुहार लगाई है। लोक निर्माण अधिशासी अभियंता कुमुद उपाध्याय का कहना है कि जल्द इस संपर्क मार्ग की दशा को सुधारने के लिए प्रयास किए जाएंगे।