तीसा (चंबा)। नकरोड़-भराड़ा मार्ग पर टैक्सी चालक मोटी कमाई करने के चक्कर में लोगों की जान के साथ खिलवाड़ करने से पीछे नहीं रह रहे हैं। टैक्सियों की छतों पर सवारियों को बैठाकर उनके गंतव्यों तक पहुंचाया जा रहा है। हैरानी की बात है कि ऐसे टैक्सी चालकों के खिलाफ परिवहन निगम और पुलिस महकमा शिकंजा नहीं कस रहे हैं। इससे इन टैक्सी चालकों के हौसले बढ़ गए हैं। समय रहते यदि ऐसे टैक्सी चालकों पर सख्ती न की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों योगराज, प्रकाश, प्रमोद, अशोक कुमार, नारायण सिंह, किशन चंद, अमर चंद ने बताया कि यातायात नियम लोगों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं जिनका पालन करना हरेक वाहन चालक का कर्तव्य है। बावजूद इसके चुराह उपमंडल के नकरोड़-भराड़ा मार्ग पर इन नियमों को धता बता कर निजी टैक्सी चालक मोटी कमाई करने के चक्कर में लोगों की जान को जोखिम में डाल रहे हैं। टैक्सी चालक सवारियों से मनमाने दाम वसूल कर टैक्सी की छत पर बैठाकर सफर करवाने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। लोगों ने परिवहन विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों से लोगों की जान जोखिम में डालने वाले ऐसे टैक्सी चालकों के खिलाफ नकेल कसने की मांग की है।