तीसा (चंबा)। विधानसभा क्षेत्र चुराह के पहले डबल लेन पुल पर सफर अब सुगम होगा। चंबा-तीसा मार्ग पर स्थित तीसा खड्ड पर लोक निर्माण मंडल तीसा की ओर से 456 लाख से 80 मीटर लंबे डबल लेन सीमेंट के पुल का निर्माण करवाया गया है। लोक निर्माण विभाग एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह आठ जून सुबह 10ः00 बजे पुल का उद्घाटन करेंगे।
आगामी कुछ ही समय में अब वाहन चालकों को सालों पुराने पुल से आवाजाही से निजात मिल जाएगी। डबल लेन पुल से चुराह विधानसभा क्षेत्र की 55 पंचायतों तीसा-1, तीसा-2, भंजराडू, खुशनगरी, पद्दर, जुंगरा, खजुआ, बिहाली, सेईकोठी, हरतवास, कुठेड, बुदौड़ा, झज्जाकोठी, सनवाल, आयल, बणतर, सतियास, बैरागढ़, बौंदेड़ी, देवीकोठी, गुडेई, थल्ली, चिल्ली, सतियौआ, टिकरीगढ़, देहरोग, बघेई, चांजू, चरड़ा, देहरा आदि की पौने दो लाख की आबादी को लाभ मिलेगा। साथ ही वाया तीसा पांगी का सफर भी सुगम होगा। कुल मिलाकर क्षेत्र में पर्यटन को भी पंख लेंगे।
क्या है सीमेंट का बॉक्स गार्डर पुल
सीमेंट के बॉक्स गार्डर ब्रिज में मुख्य बीम में एक खोखले बॉक्स के आधार में गार्डर होते हैं। बॉक्स आमतौर पर क्रॉस सेक्शन में आयताकार या समलंबाकार होता है। बॉक्स गार्डर ब्रिज आमतौर पर हाईवे, फ्लाईओवर और लाइट रेल की आधुनिक एलिवेंटेट संरचनाओं के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। बॉक्स गार्डर ब्रिज आमतौर पर बीम ब्रिज का ही एक रूप होता है। बॉक्स गार्डर का इस्तेमाल केबल स्टे और अन्य पुलों पर किया जाता है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगिंद्र शर्मा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आठ जून को लोक निर्माण विभाग मंत्री डबललेन पुल का उद्घाटन करेंगे। इसकी तैयारियां जोर-शोर से चली हुई हैं।