बंद के बाद शहर के कारोबारी उपायुक्त कार्यालय पहुंच गए ।
- फोटो : अमर उजाला
पार्किंग में तबदील हो रही बाजार की मुख्य सड़क से वाहनों को हटाने की कवायद के खिलाफ कारोबारी खड़े हो गए हैं। हालांकि वीरवार को बुलाए गए बंद का बिल्कुल भी असर चंबा शहर में देखने को नहीं मिला और सिर्फ चंद दुकानों को छोड़कर पूरा बाजार सुबह से शाम तक खुला रहा। बाद में जिन दुकानदारों ने बंद रखा था उन्होंने भी अपनी दुकानें खोल दी।
असफल बंद के बाद शहर के कारोबारी उपायुक्त कार्यालय पहुंच गए और उन्होंने वहां अपना रोष प्रदर्शन किया। कारोबारियों ने आरोप लगाया है कि शहर में जहां पर भी दोपहिया वाहन खड़े होने की व्यवस्था थी। वहां पर अवैध रूप से रेहड़ी फड़ी लगा दी गई हैं। उनके खिलाफ नगर परिषद द्वारा कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने उपायुक्त सुदेश मोख्टा से मांग करते हुए कहा कि शहर में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था होने के बाद ही शहर में नो ट्रैफिक जोन सिस्टम लागू किया जाए। कारोबारियों ने बताया कि नो ट्रैफिक जोन लागू होने से व्यापारियों के धंधे में काफी फर्क पड़ेगा। नो ट्रैफिक जोन समय के दौरान बाजार में सूनापन छा जाएगा। दुकानदार ग्राहकों की राह देखते रहेंगे।
व्यापारियों में जसवीर सिंह, अशोक, संजय महाजन, बलवीर, अजय महाजन, गुरमीत, रमेश कुमार, बबलू, प्रिंस और सोनू ने बताया कि चार से छह बजे के बीच में बाजार में कामर्शियल व्हीकल की एंट्री पर पाबंदी लगाई गई है लेकिन प्रशासन द्वारा लागू नो ट्रैफिक जोन सिस्टम के बाद छह से आठ बजे के बीच में भी कामर्शियल व्हीकल बाजार में प्रवेश नहीं कर सकते। ऐसे में व्यापारियों का धंधा चौपट हो रहा है। बाजार में टीवी, वाशिंग मशीन सहित अन्य उत्पादों की खरीदारी करने वाले ग्राहक को आठ बजे का इंतजार करना पड़ेगा। आठ बजे के बाद ही बाजार में कॉमर्शियल व्हीकल की एंट्री होगी। उन्होंने कहा कि नो ट्रैफिक जोन सिस्टम से पिछले तीन दिनों में व्यापारियों की शाम के समय होने वाली सेल में 75 प्रतिशत की गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि शहर में पार्किंग की कोई भी उचित व्यवस्था नहीं है। जिसके कारण बाजार में खरीदारी करने वाले लोगों को बाजार में गाड़ी पार्क करने की सुविधा नहीं है। उन्होंने कहा कि नो ट्रैफिक जोन सिस्टम में जल्द ही सुधार नहीं किया गया तो व्यापारी चार बजे के बाद अपनी दुकानें बंद कर देंगे। नो ट्रैफिक जोन सिस्टम के दौरान छह से आठ बजे दुकानों में ग्राहक नहीं पुलिस कर्मी ही नजर आते हैं।
उपायुक्त सुदेश मोख्टा ने बताया कि नो ट्रैफिक जोन सिस्टम की वजह से व्यापारियों को कुछ दिक्कतें पेश आ रही हैं। इन दिक्कतों को दूर करने के लिए शुक्रवार को एक बैठक बुलाई गई है। जिसमें सबकी राय लेकर नो ट्रैफिक जोन सिस्टम में सुधार किया जाएगा।