चुवाड़ी (चंबा)। मनोहर हत्याकांड मामले में जहां विकास खंड सलूणी में रोष बढ़ता जा रहा है तो वहीं अब जिला के अन्य इलाकों में भी इसको लेकर रोष प्रदर्शन होने शुरू हो गए हैं। शुक्रवार को व्यापार मंडल चुवाड़ी ने बाजार में आक्रोश रैली निकाली और नागरिक उपमंडल अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। इसमें उन्होंने मनोहर हत्याकांड के दोषियों को शीघ्र सजा देने की मांग की है।
व्यापार मंडल के प्रधान कुलभूषण धीमान ने कहा कि व्यापार मंडल स्थानीय प्रशासन से यह गुजारिश करता है कि इलाके में बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों पर शिकंजा कसा जाए। आक्रोश रैली में व्यापारियों के साथ अन्य लोगों ने भी भाग लिया। आक्रोश रैली में मौजूद लोगों ने एकमत होकर यह निर्णय किया और सरकार से मांग की है कि दोषियों को जल्द सजा नहीं दी गई तो चक्का जाम करने से भी गुरेज नहीं किया जाएगा। नागरिक उपमंडल अधिकारी ने कहा कि उनकी ओर से दिए गए सुझावों पर शीघ्र अमल किया जाएगा। बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की पूरी छानबीन की जाएगी। इस अवसर पर उपप्रधान मयंक महाजन, प्रांजल सोगा, मुख्य सलाहकार कुशमेश महाजन, विजय महाजन, कोषाध्यक्ष जीवन मेहरा, महासचिव विकास महाजन, सह सचिव सुदर्शन शर्मा, चेतन गुप्ता, प्रेस सचिव पंकज कपूर, नरेंद्र ठाकुर, कमल ठाकुर सहित अन्य कारोबारी मौजूद रहे।