50 फीसदी होटल पैक, दो दिन में बुकिंग ओर बढ़ने की उम्मीद
नए साल के बाद दिखी ऐसी भीड़, कारोबारियों के चेहरे खिले
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी में होली पर्व को मनाने के लिए पंजाब के पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। होटलों में बुकिंग के लिए सुबह से लेकर शाम तक फोन की घंटियां बज रही हैं।
दो दिन में होटलों के 50 फीसदी कमरे बुक हो चुके हैं जबकि बुकिंग के लिए लगातार फोन आ रहे हैं। दो दिन में सभी होटल पैक होने की उम्मीद है। हाेली पर्व पर पंजाब में बाजार बंद रहते हैं। ऐसे में वहां के पर्यटक इस पर्व को परिवार के साथ मनाने के लिए पहाड़ों का रुख करते हैं। यही वजह है कि डलहौजी में पंजाब के पर्यटकों की संख्या काफी तेजी से बढ़ रही है।
होटल एसोसिएशन के महासचिव हरप्रीत मोनू ने बताया कि पंजाब के पर्यटक होली की छुट्टियां मनाने के लिए डलहौजी आ रहे हैं। अन्य राज्यों से भी पर्यटक घूमने के लिए पहुंच रहे हैं लेकिन पंजाब के पर्यटकों की संख्या सबसे अधिक है। नए साल के जश्न के बाद यहां जो सन्नाटा पसरा था, उससे अब निजात मिलती दिखाई दे रही है। धीरे-धीरे गर्मी का मौसम भी शुरू होने लगा है। ऐसे में अब मैदानी इलाकों के पर्यटक भी पहाड़ों का रुख कर सकते हैं। होटल सहित अन्य कारोबारी यही उम्मीद लगा रहे हैं कि इस बार पर्यटन सीजन काफी अच्छा रहेगा।