चंबा के खज्जियार में उमड़ी पर्यटकों की भीड़। -संवाद
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार में होली पर्व के चलते पिछले तीन दिनों से सैलानियों की जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। विभिन्न राज्यों से आए पर्यटक यहां होली मनाने पहुंचे थे और लगातार तीन दिनों से खज्जियार में ही ठहरे हुए हैं। इसके चलते खज्जियार झील मैदान पर्यटकों से गुलजार नजर आया।
रविवार को सुबह से दोपहर तक मैदान में भारी चहल-पहल रही, लेकिन दोपहर बाद हुई बारिश के चलते पर्यटक होटलों की ओर लौटने लगे। बारिश के कारण ठंड भी काफी बढ़ गई, जिससे पर्यटक गर्म कपड़ों में नजर आए। इस बीच खज्जियार-डलहौजी मार्ग पर स्थित पोहलानी माता मंदिर के क्षेत्र में हल्की बर्फबारी हुई। जैसे ही इसकी जानकारी मिली पर्यटक खज्जियार और डलहौजी से पोहलानी की ओर उमड़ पड़े व बर्फबारी का आनंद लिया।
तीन दिनों से जारी इस सैलानी भीड़ से स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े होटल, रेस्तरां और स्थानीय दुकानदारों को अच्छा मुनाफा हुआ है। स्थानीय लोगों का मुख्य व्यवसाय पर्यटन पर निर्भर है, ऐसे में बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने से कारोबार को काफी बढ़ावा मिला है।