होटलों में भी कम हो रही बुकिंग, बरसात के डर से नहीं आ रहे सैलानी
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। बरसात का मौसम शुरू होते ही पर्यटन नगरी डलहौजी में सैलानियों की चहलकदमी भी घटने लगी है। होटलों की बुकिंग में भी पचास प्रतिशत कमी दर्ज की गई है। बरसात की वजह से सैलानी पहाड़ों पर जाने से कतराते हैं क्योंकि पिछले साल बरसात के मौसम में हिमाचल में भारी तबाही देखने को मिली थी। इसमें सैलानियों की गाड़ियां भी बह गई थीं। इसको लेकर कई वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुए। ऐसे में इस बार जैसे ही बरसात के मौसम में अपनी दस्तक दी तो सैलानियों ने पहाडों से किनारा कर लिया। कुछ दिन पहले पर्यटन नगरी में जहां सैलानियों की भीड़ देखने को मिल रही थी। होटलों में 100 प्रतिशत बुकिंग हो रही थी। वहीं पर अब सैलानियों की संख्या काफी कम हो गई है। डलहौजी के मुख्य स्थानों पर ही सैलानी देखने को मिल रहे हैं लेकिन सैलानियों से गुलजार रहने वाली गलियां अब सूनी हो चुकी हैं। डलहौजी में सैलानियों की कमी का असर खज्जियार में भी देखने को मिल रहा है। खज्जियार और डलहौजी के कारोबारी अब बरसात का मौसम बीतने की राह देखने लगे हैं। डलहौजी होटल एसोसिएशन के महासचिव हरप्रीत मोनू ने बताया कि बरसात के मौसम को लेकर डलहौजी में सैलानियों की संख्या में कमी देखने को मिल रही है।