चंबा के खज्जियार में स्थानीय कलाकार के गानों पर झूमते पर्यटक। संवाद
खज्जियार (चंबा)। मौसम खुलते ही पर्यटन स्थल खज्जियार में पर्यटकों की संख्या भी बढ़ने लगी है। खज्जियार में स्थित होटलों में 40 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है। होटल कारोबारियों को आगामी समय में पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। तीन दिन से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते खज्जियार में सैलानियों की आवाजाही पर रोक लग गई थी लेकिन वीरवार को मौसम खुलते होते ही सैलानियों की संख्या में 60 फीसदी बढ़ोतरी हो गई। इससे होटलियरों के कारोबार में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पृथी चंद, विनोद कुमार, अशोक कुमार, मनीष कुमार, राकेश कुमार और विकास कुमार का कहना है कि मिनी स्विटरजलैंड में सैलानियों की चहलकदमी बढ़ रही है। इतना ही नहीं सैलानी खज्जियार मैदान में मधुर गीतों पर नाचते-थिरकते साफ देखे जा सकते हैं। साथ ही खज्जियार झील और पहाड़ों की चोटियों के मनमोहक नजारों को अपने मोबाइलों और कैमरों में कैद कर रहे हैं। पर्यटन सीजन में बाहरी राज्यों दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत अन्य जगहों से सैलानी परिवार के साथ छुट्टियां व्यतीत करने के लिए पहाड़ों का रुख करते हैं। कोरोना काल के बाद अब सैलानियों की आमद में होने वाली बढ़ोतरी ने व्यापारियों और कारोबारियों को राहत प्रदान करने का काम किया है।