तैयारियां पूरी, 15 शिक्षा खंडों में आयोजित होंगी छात्रवृत्ति परीक्षा
मिडल मेरिट स्वर्ण जयंती योजना के तहत आयोजित होगी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले के 15 शिक्षा खंडों में होने वाली स्वर्ण जयंती मिडल मेरिट स्कॉलरशिप योजना परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सरकारी स्कूलों के करीब 1800 विद्यार्थी छात्रवृत्ति योजना की परीक्षा में बैठेंगे।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा ने इस बारे में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। दो चरणों में परीक्षा होगी। पहले चरण की परीक्षा का आयोजन पांच अप्रैल को होगा। इस परीक्षा का परिणाम आने के बाद दूसरे चरण की परीक्षा का शेड्यूल तैयार किया जाएगा। प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने करीब एक सप्ताह पहले की परीक्षा की सामग्री भेज दी है। समस्त खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियाें को निर्देश जारी किए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। योजना के तहत प्रदेश के टॉप 100 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाती है। इसमें जिले के 12 विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। इसके बाद विद्यार्थियों को छठी, सातवीं और आठवीं कक्षा में प्रतिमाह क्रमश: चार, पांच और छह हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है। सरकार की ओर से इस योजना को कार्यान्वित करने का मकसद विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान आर्थिक सहायता देना है ताकि भविष्य में विद्यार्थी इस राशि का प्रयोग अपने भविष्य निर्माण के लिए कर सकें। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा विकास महाजन ने बताया कि परीक्षा के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। साथ ही इस बारे निर्देशित कर दिया है।